Maharajganj News : पुलिस की वर्दी में पहुंचते हैं लोग, फिर महंगे फायर एक्सटिंग्विशर खरीदने का बनाते हैं दबाव, क्या है सच्चाई

    20-May-2026
Total Views |

नौतनवा। महराजगंज जिले के नौतनवा और आसपास के क्षेत्रों में फायर विभाग के नाम पर दुकानदारों से कथित ठगी का मामला सामने आ रहा है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार कुछ लोग पुलिस की वर्दी जैसी ड्रेस पहनकर दुकानों पर पहुंचते हैं और दुकानदारों की जानकारी जुटाते हैं। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति दुकान पर पहुंचकर खुद को अधिकृत व्यक्ति बताकर फायर एक्सटिंग्विशर खरीदने का दबाव बनता है।

बताया जा रहा है कि सम्बंधित लोग दावा करते हैं कि सरकार के आदेश के तहत सभी दुकानों में फायर एक्सटिंग्विशर लगाना अनिवार्य है और इन्हे केवल उन्ही से खरीदना होगा। दुकानदारों का आरोप है कि बाजार मूल्य से काफी अधिक कीमत पर ABC Powder और CO2 प्रकार के अग्निशामक यंत्र बेचे जा रहे हैं।

इतना ही नहीं ये लोग कहते हैं कि फायर एक्सटिंग्विशर हर साल एक्सपायर हो जाता है और हर साल उसे बदलवाना या रीफिल करना ज़रूरी होता है। जबकि फायर सेफ्टी से जुड़े जानकारों के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में कई प्रकार के अग्निशामक यंत्रों की सर्विसिंग या रिफिलिंग अवधि 5 से 10 वर्ष तक हो सकती है, जो उसके प्रकार और उपयोग पर निर्भर करती है।


एक स्थानीय व्यापारी रजत (जिनकी अस्पताल चौराहे पर साइकिल की दुकान है ) ने बताया कि पिछले साल भी उसकी दुकान में इसी तरह लोग आकर फायर एक्सटिंग्विशर रिफिल करके गए थे और इस साल फिर इसी प्रकार की घटना हुई। उन्हें शक इसलिए हुआ क्योंकि किसी आधिकारिक अभियान या प्रशासनिक सूचना के बिना चुनिंदा दुकानों को ही निशाना बनाया जा रहा है। उनके आसपास किसी दुकान में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं आया।

उनके अनुसार संबंधित लोग अक्सर ऐसे समय में पहुंचते हैं जब दुकान पर भीड़ कम होती है और तत्काल कार्रवाई का डर दिखाकर जल्द निर्णय लेने का दबाव बनाते हैं। इतना ही नहीं वो लोग इसे रिफिल करने का कोई पक्का बिल भी नहीं देते, कहते हैं कि बिल लोगे तो और ज़्यादा पैसे लगेंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है, ताकि कोई भी दुकानदार भय या भ्रम में आकर ठगी का शिकार न हो।

इस सम्बन्ध में हमारी नौतनवा पुलिस से बात नहीं हो पायी, यहाँ तक कि पुलिस अधीक्षक और डीएम से भी हमने फ़ोन पर बात करने की कोशिश की लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो पायी।