Maharajganj News : सरकारी अस्पताल परिसर में खड़ी मिली निजी एंबुलेंस, उठे बड़े सवाल
22-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के नौतनवा स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर एक रियलिटी चेक के दौरान गंभीर सवाल उठे हैं। सरकार लगातार जहाँ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और अस्पतालों को स्वच्छ व व्यवस्थित रखने के निर्देश दे रही है, वहीँ हकीकत इसके ठीक उलट नज़र आ रही है।
अस्पताल परिसर में एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस खड़ी होने को लेकर गंभीर सवाल उठ रहा है। सरकारी अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस की मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि सरकारी अस्पताल परिसर में निजी संस्थानों की गतिविधियां बढ़ रही हैं तो इसकी जांच होनी चाहिए। यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर किसकी अनुमति से निजी एंबुलेंस अस्पताल परिसर में खड़ी थी।
इतना ही नहीं, अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह बदहाल नजर आई। नल के पास कीड़े बजबजाते मिले, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की अव्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं पर पर प्रश्नचिन्ह जैसा है। अस्पताल परिसर के अंदर ही कुछ लोग खुले में शौच करते दिखाई दिए, जिससे स्वच्छता अभियान की स्थिति पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
इस मामले पर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) नवनीत प्रसाद ने कहा कि अस्पताल परिसर में एंबुलेंस खड़ी होने की सूचना मिली है, जिसकी जांच कराई जाएगी और यदि अस्पताल का कोई कर्मचारी इसमें संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इन अव्यवस्थाओं के लिए कौन जिम्मेदार है और सम्बंधित लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।