Maharajganj fuel Crisis : पर्ची कटने के बाद भी नहीं मिला तेल, पेट्रोल पंप पर हंगामे जैसे हालात

    22-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के पनियरा क्षेत्र में डीजल संकट के चलते किसानों और वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बभनौली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर किसानों और वाहन चालकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि तेल वितरण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गयी है, लेकिन इसके बावजूद सही नहीं हो पा रही है।

पनियरा कस्बे के निवासी अफ़ज़ल अहमद ने बताया कि वह गुरुवार सुबह से ही पेट्रोल पंप पर लाइन में लगे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक डीजल नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लाइन तोड़कर जबरन अपने डिब्बे आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। सुबह तेल वितरण शुरू हुआ था, लेकिन डिब्बों को लेकर हुई धक्का-मुक्की के बाद इसे रोकना पड़ा।


सुनील कुमार ने बताया कि वह तो बुधवार भोर चार बजे से ही लाइन में लगे हैं, लेकिन शुक्रवार तक भी उन्हें डीजल नहीं मिल सका। कमासिन खुर्द निवासी मोहम्मद नौमान ने कहा कि वह चार दिनों से डीजल के लिए भटक रहे हैं। शुक्रवार सुबह पर्ची कटने के बावजूद विवाद के कारण वितरण बंद हो गया।

रामनगर के 70 वर्षीय हरीलाल पिछले 24 घंटे से लाइन में खड़े हैं। विपिन यादव ने बताया कि वह दो दिनों से नंबर लगाए हुए हैं, लेकिन उन्हें डीजल नहीं मिल सका है। लोनिया टोला की कौशल्या देवी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि धान का रोपा सूखने लगा है, फिर भी उन्हें डीजल नहीं मिल पा रहा है।

पेट्रोल पंप कर्मी जितेंद्र ने बताया कि डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है, लेकिन अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है। कुछ लोग जबरदस्ती नोजल छीनने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे हालात और बिगड़ रहे हैं।