Maharajganj News : प्रेमी से मिलने पहुंची किशोरी के साथ बगीचे में ये वारदात, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
25-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के पनियरा थाना क्षेत्र में एक हैरतअंगेज़ मामला सामने आया है जिसमे नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा था। लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पनियरा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी चेहरी निवासी मनीष के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध में थी। 18 मई 2026 की रात करीब 11 बजे मनीष ने किशोरी को मिलने के लिए गांव के बगीचे में बुलाया था।
जब किशोरी मनीष से मिलने गयी तो गांव के ही विकास और राजन ने दोनों को देख लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने घरवालों को जानकारी देने की धमकी देकर किशोरी को भयभीत कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान मनीष मौके पर मौजूद रहा, लेकिन उसने विरोध नहीं किया।
इसके अतिरिक्त, मनीष ने पूर्व में पीड़िता के साथ वीडियो कॉलिंग के दौरान चोरी-छिपे स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर एक अश्लील वीडियो बनाया था, जिसे राजन और विकास ने अपने मोबाइल में ले लिया और पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने को मजबूर किया।
घटना के बाद सहमी पीड़िता अपने मामा के घर चली गई थी। बाद में जब घटना की भनक परिजनों को लगी, तो पीड़िता की मां ने थाना पनियरा में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में विकास पुत्र लालमदन, राजन पुत्र दीपचंद और मनीष पुत्र संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से जुड़े तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।