Maharajganj Politics : महराजगंज में पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को दिया योग और अनुशासन का संदेश

    26-May-2026
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मंगलवार सुबह योगाभ्यास के साथ दिन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ योग किया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

योग सत्र के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि योग केवल व्यक्ति को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह संगठनात्मक जीवन में अनुशासन, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है।


उन्होंने कहा कि योग से कार्यकर्ताओं में मानसिक एकाग्रता, धैर्य और टीम भावना विकसित होती है। इससे संगठन और अधिक मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं तो वे समाज और राष्ट्रसेवा के कार्यों को अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ कर पाते हैं।




योग आपसी समन्वय, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का संगठन विचार, अनुशासन और कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था पर चलता है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों और योग जैसे सामूहिक आयोजनों से कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता बढ़ती है तथा संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि महराजगंज के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के साथ योग का अनुभव अत्यंत प्रेरणादायी रहा और इससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।