Maharajganj News : महराजगंज में पेट्रोल-डीजल संकट पर प्रशासन सख्त, उठाया ये कदम
26-May-2026
Total Views |
महराजगंज : महराजगंज में पेट्रोल डीजल की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पेट्रोल पम्पों पर अव्यवस्था, जमाखोरी और काले बाजार पर रोक लगाने के लिए दिशा निर्देश जारी किये हैं। बढ़ती भीड़ और लम्बी लाइनों के कारण डिब्बों में ईंधन की बिक्री के लिए विशेष नियम लागू किये गए हैं। नए आदेश के अनुसार, अब कोई भी व्यक्ति डिब्बे में एक बार में अधिकतम 10 लीटर डीजल ही खरीद सकेगा। पेट्रोल देने पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी है।
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला किसानों और जरूरी सेवाओं तक पर्याप्त ईंधन पहुंचाने के लिए लिया गया है। डिब्बे में डीजल लेने वाले उपभोक्ताओं को अपने संबंधित तहसील क्षेत्र के पेट्रोल पंप से ही खरीदारी करनी होगी। अनावश्यक भंडारण और बार-बार खरीदारी पर नजर रखने के लिए आधार कार्ड दिखाना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
डीएम ने सभी पेट्रोल पंप चलाने वालों को निर्देश दिए हैं कि बार-बार तेल खरीदने वाले लोगों की पहचान के लिए फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग करें। इसके अलावा, एसडीएम और डिप्टी कलेक्टर्स की निगरानी में विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं, जो पेट्रोल पंपों और संदिग्ध भंडारण स्थानों पर लगातार नजर रखेंगी।
प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध तरीकों से ईंधन जमा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एपी सिंह ने बताया कि जिले में अभी लगभग 1100 किलोलीटर डीजल और 900 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। प्रशासन ने भरोसा दिया है कि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।
किसानों को राहत देने के लिए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को समय पर नहरों में पानी छोड़ने के लिए भी निर्देश दिए हैं, ताकि डीजल संकट के दौरान किसानों को सिंचाई में मुश्किल ना हो।