Maharajganj News : सड़क खुदाई बनी मुसीबत! मेन पाइपलाइन फटते ही 20 हजार लोग बूंद-बूंद पानी को तरसे

    26-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
शहर के निचलौल मार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। आबकारी गेट के सामने खोदाई के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में आने से मुख्य पानी की पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गयी जिससे भीषण गर्मी में करीब 20 हजार लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।


पाइप टूटने से शहर के आजाद नगर, बिस्मिल नगर, एपीजे अब्दुल कलाम नगर, सिविल लाइंस, सक्सेना नगर समेत कई वार्डों में पानी की सप्लाई बाधित रही। भीषण गर्मी में करीब 20 हजार लोगों को दिनभर पानी की समस्या से जूझना पड़ा। सूचना मिलते ही पालिका प्रशासन हरकत में आया और पाइप की मरम्मत कराई गई। रात करीब आठ बजे पानी की आपूर्ति बहाल हुई।

बताया जा रहा है कि, सड़क चौड़ीकरण के लिए खोदाई के दौरान सुबह 8 बजे जेसीबी मशीन की चपेट में आने से पानी की सप्लाई का मेन पाइप टूट गया। इसके बाद नगर पालिका ने प्रभावित क्षेत्र की जलापूर्ति बंद कर दी, ताकि मरम्मत किया जा सके।

नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन की मरम्मत में जुट गई। कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर नई पाइप लगा दी। देर शाम आपूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली।