Maharajganj News : लाखों हो गए खर्च, फिर भी नहीं चल पा रहे ठोस अपशिष्ट केंद्र ! बढ़ा प्रदूषण का खतरा

    26-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
नौतनवा में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बनाये गए एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र अब बहुत खराब हालत में हैं। इन केंद्रों पर लाखों रुपये खर्च किये गए थे लेकिन वे अब उपेक्षा का शिकार हो गए हैं। गाँवों के बाहर खुले में कूड़ा फेंका जा रहा है, जो पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए बहुत बड़ा खतरा है।

सिरसिया खास में स्थित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र की हालत बहुत खराब है। केंद्र का मुख्य गेट टूटा हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं है। शौचालय की सीट तक गायब हो चुकी है, जिससे पता चलता है कि यहां लंबे समय से कोई देखरेख नहीं हुई है। यहां जगह-जगह गंदगी फैली हुई है।

सिसहनिया उर्फ शीशमहल में बना केंद्र लम्बे समय से बंद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहाँ कूड़ा निस्तारण का कोई कार्य नहीं हो रहा है और केंद्र पर हमेशा ताला लगा रहता है। चकदह फेज-2 में स्थित केंद्र पर भी अव्यवस्था है। यहां न तो कोई कर्मचारी मौजूद रहता है और न ही कूड़ा प्रबंधन की कोई गतिविधि होती है।


खुले में कूड़ा फेंकने से पर्यावरण प्रदुषण और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की है लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द केंद्रों को संचालित कराने और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। अमित मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नवीन प्रसाद ने भी स्थिति का निरीक्षण कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।