Maharajganj News : बालू और मिट्टी के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से डम्पर तक सीज

    27-May-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से चलाये जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। दो दिनों के भीतर कुल 71 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई में 45 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 12 लोडर, चार जेसीबी मशीन, सात डम्पर, एक ट्रक, एक पिकअप और एक दोपहिया वाहन शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर की गयी।

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और छापेमारी की। इसमें संवेदनशील स्थानों, नदी तटों, निर्माणाधीन क्षेत्रों और खनन प्रभावित इलाकों को शामिल किया गया। जांच के दौरान अवैध रूप से मिट्टी और बालू खनन तथा उनके परिवहन में लगे वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया। जिन वाहनों के चालकों और स्वामियों ने आवश्यक दस्तावेज या खनन अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए, उन्हें तत्काल सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।


इसके पहले पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 मई को हुई कार्रवाई में 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, सात लोडर, दो जेसीबी मशीन और दो डम्पर सीज किए गए। वहीं 27 मई को अभियान को और तेज करते हुए 32 ट्रैक्टर-ट्रॉली, पांच लोडर, दो जेसीबी मशीन, पांच डम्पर, एक ट्रक, एक पिकअप वाहन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान वाहन चालकों और स्वामियों से खनन अनुमति, परिवहन प्रपत्र और अन्य आवश्यक अभिलेख मांगे गए थे। हालांकि, वे संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार सीज की कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा वैध खनन न केवल शासन को राजस्व की क्षति पहुँचाता है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन एवं कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में निरंतर अभियान चलाकर ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।