Maharajganj News : दो दिन तक पानी के लिए परेशान रहे लोग, अब जाकर बहाल हुई जलापूर्ति
27-May-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल मार्ग के सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान नगर पालिका की मुख्य जलापूर्ति पाइप लाइन टूट गयी थी, जिससे शहर के एक दर्जन वार्डों में पेयजल संकट खड़ा हो गया था। दो दिनों की मशक्कत के बाद मंगलवार की देर शाम नगर पालिका की टीम पाइप लाइन को दुरुस्त करने में कामयाब रही। जिसके बाद जलापूर्ति बहाल कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान वाटर सप्लाई का मेन पाइप क्षतिग्रस्त हो गया था। पाइप लाइन टूटने से शहर के कई प्रमुख वार्डों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। प्रभावित क्षेत्रों में आजाद नगर, बिस्मिल नगर, शास्त्री नगर, सिविल लाइन, एपीजे अब्दुल कलाम नगर समेत आसपास के अन्य वार्ड शामिल रहे।
अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका की तकनीकी टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया था। पाइप लाइन काफी गहराई में होने के कारण मरम्मत कार्य में दिक्कतें आईं। जलापूर्ति सामान्य कर दी गई है और सभी प्रभावित वार्डों में पानी की सप्लाई शुरू हो चुकी है।