Maharajganj News : फोटो देखकर हंसा भतीजा ! चाचा को आया गुस्सा और उसने...

    27-May-2026
Total Views |

परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव में शादी का एलबम देखने के दौरान चाचा-भतीजे के बीच हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद चाचा ने अपने 18 वर्षीय भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चाचा पर प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, परसा खुर्द निवासी नितेश प्रजापति व मनीष के बीच चाचा-भतीजे का रिश्ता है। नितेश मंगलवार की शाम को परिजनों के साथ पिता की शादी का एलबम देख रहा था। इसी दौरान एलबम में एक फोटो को लेकर वह हंसने लगा। इसी बात को लेकर उसके चाचा मनीष नाराज हो गए।


दोनों में पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मनीष ने नितेश पर चाकू से हमला कर दिया।

घायल नितेश को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल लेकर पहुंचे। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे घायल युवक को आपातकालीन कक्ष में लाया गया। जांच में उसके पेट के दाहिने हिस्से में गहरा घाव पाया गया, जो चाकू अथवा किसी धारदार हथियार से हुआ प्रतीत होता है। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।