Maharajganj News : बकरीद पर महराजगंज में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, ईदगाह पहुंचे सपा कार्यकर्ता
28-May-2026
Total Views |
महाराजगंज। महराजगंज के सिविल लाइन स्थित ईदगाह में गुरुवार सुबह 7:30 बजे ईद उल अजहा की नमाज अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। कारी इरशाद ने नमाज पढ़ाई।
मौलाना मोइनुद्दीन साहब ने नमाजियों को दीन की बातें बताईं और कुर्बानी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नमाजियों से अपील की कि वे कुर्बानी अपने घर के अंदर करें, खुले में न करें। साथ ही, गोश्त के टुकड़े इधर-उधर न फेंकने और आपस में मोहब्बत व इत्तेफाक बनाए रखने का संदेश दिया। मौलाना मोइनुद्दीन ने देश में अमन-चैन और शांति के लिए विशेष दुआ भी मांगी।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी ईदगाह पहुंचे और सभी मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम सब एक हैं और एकजुट होकर मिलजुल कर रहने वाले भारत के निवासी हैं। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता पर जोर दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रत्याशी निरमेश मंगल और जिला अध्यक्ष विद्यासागर यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ईद उल अजहा के अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
इस अवसर पर कारी इरशाद, मौलाना मोइनुद्दीन साहब, शहाबुद्दीन, समसूल हुदा खान, सफी अहमद, सैफूदूजा साहब, असलम, सरवन पटेल और पणरे गौतम सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।