Maharajganj News : डीजल तस्करी का नया तरीका! बाइक पर भरकर ले जा रहा था 120 लीटर तेल
28-May-2026
Total Views |
ठूठीबारी। पेट्रोल और डीजल की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही चेकिंग के दौरान गड़ौरा पुलिस बूथ पर पुलिस ने बुधवार को बाइक पर लदे दो गैलन में 120 लीटर डीजल के साथ एक युवक को पकड़ लिया।
बाद में प्राथमिकी दर्ज कर उसका चालान कर दिया। पेट्रोल/डीजल की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार की दोपहर करीब 1.40 बजे ठूठीबारी पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक दिनेश सिंह यादव ने गड़ौरा पुलिस बूथ पर दो गैलन लेकर आ रहे एक युवक को रोका। गैलन की जांच की तो 120 लीटर अवैध डीजल बरामद हुआ।
पकड़े गए युवक की पहचान प्रेमसागर गुप्ता निवासी ग्राम अहिरौली मदरा थाना परसामलिक के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में डीजल ले जाने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सका। जांच में यह भी सामने आया कि वह फुटकर में अधिक कीमत पर डीजल बेचने का काम करता था।
इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि बाइक पर दो गैलनों में 120 लीटर डीजल के साथ प्रेमसागर गुप्ता को पकड़ा गया है। संबंधित धाराओं में प्राथमिक की दर्ज कर चालान कर दिया गया।