Maharajganj News : अस्पताल पहुंचे लोगों को अब नहीं होगी प्यास की चिंता, लगा RO वाटर कूलर
28-May-2026
Total Views |
महाराजगंज। जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुधवार की शाम को जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्थित इमरजेंसी वार्ड के सामने रोटरी क्लब की ओर से आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया।
इस दौरान जिला संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्साधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है। इसको चरितार्थ करते हुए रोटरी क्लब के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह और सचिव विनोद कुमार गुप्ता द्वारा रोटरी क्लब के सौजन्य से आरओ वाटर कूलर लगवाया गया।
रोटरी क्लब की चार्टर्ड प्रेसिडेंट विंध्यवासिनी सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रोटरी क्लब ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में वाटर कूलर स्थापित करवाया। इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एबी त्रिपाठी ने कहा कि धरती का 71 प्रतिशत हिस्सा पानी से ढका है, लेकिन इसमें से केवल 2.5% ही पीने योग्य मीठा पानी है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह और सचिव विनोद गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि ब्रश करते या दाढ़ी बनाते समय नल बंद रखें, और टपकते हुए नलों की मरम्मत तुरंत करवाएं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से चार्टर प्रेसिडेंट विंध्यवासिनी सिंह, अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, सचिव विनोद कुमार गुप्ता, डॉ. अरुण गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।