Maharajganj News : पेट्रोल पंपों पर पुलिस की मुनादी, ज्यादा डीजल लेने पर कार्रवाई की चेतावनी

    28-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
सीमावर्ती ठूठीबारी क्षेत्र में डीजल बिक्री को लेकर लागू किये गए नए नियमों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन द्वारा पांच लीटर से अधिक डीजल बिक्री पर रोक लगाए जाने और ईंधन लेने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किए जाने के बाद गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली।


ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के राजाबारी स्थित किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर सुबह से ही डीजल और पेट्रोल लेने वालों की लंबी कतार लग गई और पुलिस पेट्रोल पंप पर पहुंचकर तय मात्रा में ही तेल लेने की हिदायत देती रही। इतना ही नहीं अधिक तेल लेने और भंडारण करने की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी जाती रही।

प्रशासन की सख्त निगरानी के बीच क्रमवार तरीके से किसानों को डीजल और पेट्रोल उपलब्ध कराया गया। कोतवाली के एसआई रमेश पुरी, कांस्टेबल मृत्युंजय तिवारी समेत अन्य पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए। लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की जाती रही।