Maharajganj News : एक तरफ किसान डीजल के लिए लाइन में, उधर घर की छत पर मिला 700 लीटर का भंडार
30-May-2026
Total Views |
मिठौरा। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम बढेपुरवा में शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर एक मकान से करीब 700 लीटर डीजल बरामद किया। कार्रवाई के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया। एक तरफ क्षेत्र के किसान कृषि कार्यों के लिए आवश्यक डीजल के लिए पेट्रोल पंपों पर रात-रात भर लाइन लगाने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी तरफ अवैध रूप से घरों में डीजल जमा किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बढेपुरवा में एक व्यक्ति ने बड़े पैमाने पर डीजल का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी निचलौल, क्षेत्राधिकारी निचलौल तथा थाना निचलौल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मुकुत निवासी बढेपुरवा के मकान की छत पर रखी छोटी और बड़ी टंकियों की तलाशी ली गई तो उसमे करीब 700 लीटर डीजल का स्टॉक मिला।
मौके पर पूर्ति निरीक्षक को भी बुलाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने बताया कि डीजल भंडारण के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।