Maharajganj News : कई लोग हो चुके हैं चोटिल, फिर भी नहीं शुरू हुआ मरम्मत कार्य

    30-May-2026
Total Views |

महराजगंज। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित आसरा आवास परिसर की सड़कें पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं या यूँ कहें कि सड़कें बची ही नहीं हैं । बारिश के कारण परिसर में जलभराव हो जाता है, जिससे निवासियों का आवागमन प्रभावित होता है। इन गहरे गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासी कलावती, सुषमा, उज़्मा, अमीर निशा और अनीता ने बताया कि टूटी हुई सड़कों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। उनका आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।


निवासियों का आरोप है कि बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ रहा है।

इस संबंध में एसडीएम प्रेम शंकर पांडे ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, अभी तक सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की जाती है, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।