Maharajganj News : मुखबिर की सूचना पर छापा, जब्त हुआ डीजल-पेट्रोल का इतना बड़ा जखीरा
30-May-2026
Total Views |
नौतनवा। एसडीएम नवीन प्रसाद एवं सीओ बसंत सिंह के नेतृत्व में अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल की बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 लीटर डीजल और 110 लीटर पेट्रोल बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने अवैध ईंधन बिक्री में संलिप्त तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सूचना मिली थी कि अलग-अलग स्थानों पर बोतलों में डीजल और पेट्रोल की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पेड़ारी चौराहा पर निपनिया निवासी इन्द्रकमल के पास से 481 लीटर डीजल व 91 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ।
वहीं परसामलिक निवासी हरीलाल के पास से 20 लीटर डीजल व 14 लीटर पेट्रोल तथा जगरनाथपुर निवासी संतोष जायसवाल के पास से पांच लीटर पेट्रोल बरामद किया गया।
छापेमारी के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, पूर्ति निरीक्षक हर्षवर्धन श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के सभी थानेदार मौजूद रहे।
एसडीएम ने बताया कि बरामद ईंधन को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।