Maharajganj News : भैंस चराने गया था पति ! पीछे से दो मासूम बच्चों की मां की संदिग्ध मौत
04-May-2026
Total Views |
सोनौली। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा गांव में रविवार को एक सनसनीखेज घटना हुई। एक विवाहिता का शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान उर्मिला (28) पत्नी शिवकुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, उर्मिला की शादी लगभग छह वर्ष पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। एक 5 साल का बेटा और एक साल की बेटी है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि घटना के समय मृतका का पति शिवकुमार भैंस चराने गया हुआ था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने फोन कर उसे घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा, जहां उर्मिला का शव फंदे से लटकता मिला। शिवकुमार अपनी पत्नी के साथ अपने मामा रामबृक्ष के घर पर रह रहा था।
घटना के संबंध में जब मृतका के पति और मामा रामबृक्ष से पूछताछ की गई तो दोनों ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। उनका कहना है कि घर में कोई विवाद या ऐसी स्थिति नहीं थी, जिससे इस तरह की घटना घटित हो। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और बच्चों के बयान भी दर्ज किए हैं।
प्रभारी कोतवाल रामचन्द्र राय ने बताया कि घरेलू विवाद हो सकता है। महिला के मायके वालों को सूचना दी गई है। मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। महिला के मायके वालों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।