Maharajganj News : आम बीनना पड़ा 6 साल के मासूम पर भारी ! दिल दहला देगी कहानी
06-May-2026
Total Views |
भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बल्डीहा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आम बीनने के विवाद में एक छह वर्षीय बच्चे को कमरे में बंद कर उसकी पिटाई कर दी गई। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामला 30 अप्रैल का बताया जा रहा है।
रामपुर बल्डीहा निवासी पीड़ित बच्चे की मां मेवाती देवी ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ थाने में तहरीर देकर पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल को उनका छह वर्षीय बेटा बगीचे में आम बीनने गया था। वहां मौजूद रत्नेश ने आम बीनने को लेकर बच्चे को गालियां देते हुए लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी।
मेवाती देवी के अनुसार जब वह अपने दूसरे बेटे सूरज के साथ आरोपी के घर पहुंचीं तो देखा कि रत्नेश बच्चे को एक कमरे में बंदकर पीट रहा था। छुड़ाने का प्रयास करने पर आरोपी ने मां-बेटे को भी मारा, जिससे वह जमीन पर गिर गईं और उन्हें भी चोटें आईं। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने बच्चे को कमरे से बाहर निकाला।
एसओ कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मेवाती देवी की तहरीर के पर आरोपी रत्नेश मिश्रा उर्फ धीरू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करके मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।