Maharajganj News : थप्पड़ या सिर्फ रोकने की कोशिश? वायरल वीडियो ने पुलिस पर खड़े किए बड़े सवाल!

    06-May-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक एसएसआई द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की जा रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार, कोल्हुई थाना में तैनात एसएसआई सत्यप्रकाश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ मुख्य कस्बे के लोटन तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना हेलमेट जा रहे एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि युवक के न रुकने पर एसएसआई ने चलती बाइक पर ही उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे युवक असंतुलित हो गया। फ़िलहाल इससे किसी बड़े हादसे की खबर नहीं है।

इस मामले में जब हमने कोल्हुई थानाध्यक्ष से बात की तो उन्होंने बताया कि बाइक वाला वाहन चेकिंग के दौरान रोकने का इशारा देखकर भी रुका नहीं, तो इसलिए एसएसआई ने उसे रोकने के लिए पीठ पर हाथ मारा था, यहाँ उनका इरादा युवक को मारने का नहीं था। इस बात को गलत नजरिये से दिखाया जा रहा है।


घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है, लेकिन इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। फ़िलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।