Maharajganj News : बारिश थमते ही शहर की सड़कों पर थमे पहिये ! पुलिस ने संभाला मोर्चा
07-May-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर चौराहे पर बुधवार शाम बारिश रुकने के बाद भीषण जाम लग गया। शाम करीब 6:30 बजे से शुरू हुआ यह जाम लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक बना रहा, जिससे हर दिशा से आने वाले वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। सड़क पर रेंगते वाहनों और फंसे लोगों की वजह से पूरा इलाका अस्त-व्यस्त नजर आया।
बारिश थमते ही बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज के लिए घरों से बाहर निकले, जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। जाम के कारण राहगीरों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए, बारिश के बावजूद, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने एक-एक लेन को नियंत्रित कर धीरे-धीरे वाहनों को आगे बढ़ाया, जिससे स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। यातायात प्रभारी ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।
पुलिस की सक्रियता के चलते देर शाम तक जाम पूरी तरह खुल गया और आवागमन सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों में मिंटू यादव, राम प्रसाद, फ़ैसल खान और अरविन्द कुमार ने बताया कि उन्हें भी इस जाम के कारण काफी परेशानी हुई।
यातायात प्रभारी ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।