Maharajganj News : खेलते-खेलते अचानक गायब हुए दो मासूम, फिर जो सामने आया सच वो हिला देगा

    07-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चेहरी टोला महलगंज में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के बाहर खेल रहे दो मासूम भाई अचानक लापता हो गए। परिजन जब उन्हें तलाशते हुए बाहर निकले तो कुछ ही दूरी पर बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में दोनों बच्चों के शव मिले। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बागापार स्थित बीट नर्सरी निवासी डब्लू साहनी करीब 20 दिन पहले ही परिवार के साथ चेहरी टोला महलगंज में किराए का कमरा लेकर रहने आए थे। वह ई रिक्शा चलकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे और नयी जगह पर परिवार की ज़िंदगी बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे थे लेकिन इस हादसे ने उनके घर की खुशियां उजाड़ दी है। देर शाम त्रिमुहानी घाट पर बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

डब्लू साहनी ने बताया कि उनके दो बेटे थे बड़ा बेटा राज (5) और छोटा बेटा आयुष (4)। मंगलवार की शाम करीब 5 बजे दोनों बच्चे घर के पास खेलते-खेलते उस स्थान पर पहुंच गए, जहां ईंट पथाई के लिए एक गहरा गड्ढा खोदा गया था।


खेलते समय दोनों बच्चे अचानक उस गड्ढे में गिर गए और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढा बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ दिया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है और लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो।

इस मामले में स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। दुखद हादसे को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि मृतक बच्चों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला प्रशासन द्वारा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की सहायता दिए जाने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पूरे मामले की जांच के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।