Maharajganj News : तीन सवारी और बिना सीट बेल्ट वालों की शामत ! 140 वाहन चालकों पर गिरी गाज

    09-May-2026
Total Views |

महराजगंज। नगर चौराहे पर शुक्रवार को यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 140 वाहनों का चालान किया गया।

यह अभियान यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में चलाया गया। पुलिस टीम ने नगर चौराहा और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच की।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार और बिना ड्राइविंग लाइसेंस जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सवारी वाहनों की भी जांच की गई और क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले चालकों को चेतावनी दी गई।


इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी गहन जांच की गई, जिसका उद्देश्य नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।

यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।