Maharajganj News : अब गांवों में खुलेगा ज्ञान का खजाना! डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ेंगे लाखों किताबों के दरवाजे

    01-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
ग्रामीण युवाओं के लिए शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। जनपद के ग्राम पंचायतों में बनी डिजिटल लाइब्रेरी को और उपयोगी बनाने की कवायद पंचायतीराज विभाग ने शुरू की है।

यह व्यवस्था उन 101 ग्राम पंचायतों के लिए है जहां पिछले वित्तीय सत्र में 4-4 लाख रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण हुआ था। अब इनके संचालन के लिए समितियों का गठन कर विभिन्न प्लेटफार्म से जोड़कर इन्हें उपयोगी बनाया जाएगा। जिले में कुल 882 ग्राम पंचायतों में से कुल 101 में बीते वित्तीय सत्र में पंचायतीराज विभाग ने 4.04 करोड़ रुपये खर्च कर डिजिटल स्क्रीन, हाईस्पीड इंटरनेट, फर्नीचर व कंप्यूटर सिस्टम, वीडियो कान्फेंसिंग में शामिल होने का उपकरण व्यवस्थित कराया गया।


अप्रैल 2026 में इन लाइब्रेरी के संचालन और रखरखाव के लिए ग्राम स्तर पर समितियों का गठन किया गया, जिसकी निगरानी की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत को सौंपी गई है। अब इन डिजिटल लाइब्रेरी को केंद्रीय पुस्तकालय, कोलकाता से जोड़ा जा रहा है।

इससे लगभग 30 लाख से अधिक पुस्तकों के साथ रिसर्च पेपर, प्रतियोगिता परीक्षा के लिए जरूरी सामग्री तक गांव के युवाओं की लाइब्रेरी के माध्यम से पहुंच हो सकेगी। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक संस्थान व विश्वविद्यालय से भी गांव की डिजिटल लाइब्रेरी जोड़ी जा रही है। जिससे गांव के युवा बेहतर तरीके से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ ऑनलाइन साक्षात्कार इत्यादि से भी जुड़ सकें।