Maharajganj News : दो साल तक चलता रहा खेल, सत्यापन होते ही खुल गई 11 लाख की पोल
12-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। ठूठीबारी उपडाकघर में सरकारी धनराशि के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विभागीय जांच में 11.20 लाख रुपये से अधिक की धनराशि के हेरफेर की पुष्टि होने के बाद डाक विभाग ने तत्कालीन उपडाकपाल भोलानाथ चौधरी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान 11,20,274 रुपये की सरकारी धनराशि का गबन किया।
जानकारी के अनुसार, भोलानाथ चौधरी 16 दिसंबर 2021 से 2 जुलाई 2024 तक उपडाकपाल, उपडाकघर ठूठीबारी के पद पर कार्यरत थे। तीन जुलाई 2024 को डाक निरीक्षक महराजगंज उपमंडल द्वारा उपडाकघर ठूठीबारी का नकदी सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान 10,98,306 रुपये की धनराशि उपलब्ध नहीं पाई गई। जांच के समय संबंधित अधिकारी उक्त धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, वाउचर अथवा अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि 20 फरवरी 2023 तथा 13 अप्रैल 2023 को पीएलआई (डाक जीवन बीमा) एवं आरपीएलआई (ग्रामीण डाक जीवन बीमा) प्रीमियम की क्रमशः 19,540 रुपये और 2,428 रुपये की राशि मैकैमिश प्रणाली में जमा दिखाई गई लेकिन उसे सरकारी लेख में दर्ज नहीं किया गया। इस प्रकार कुल 11,20,274 रुपये के गबन की पुष्टि विभागीय जांच में हुई।
मामले में डाक निरीक्षक उपमंडल बसंत कुमार की ओर से थाना ठूठीबारी में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी भोलानाथ चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।