Maharajganj News : रात 10 बजे तक गूंजती रही ट्रैक्टरों की आवाज, अब जाँच में खुलेंगे कई राज!

    08-Jun-2026
Total Views |

फरेंदा। फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम झामट में सरकारी भूमि से अवैध रूप से मिट्टी खनन का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गयी है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रालियों से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकालकर बेची जा रही थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद राजस्व एवं खनन विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

रात इतने बजे होता था खनन
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी भूमि से मिट्टी खनन का काम रात करीब 9 से 10 बजे के बीच किया जा रहा था। लगातार हो रही ट्रैक्टर-ट्रालियों की आवाजाही से परेशान ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की।


प्रधान प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप
कुछ शिकायतकर्ताओं ने ग्राम स्तर के प्रभावशाली लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

प्रशासन की सख्ती, दोषियों पर होगी कार्रवाई
जबसे मामले की शिकायत आयी है, प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध खनन या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीमपूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि सरकारी जमीन से खनन किन परिस्थितियों में और किसके संरक्षण में किया जा रहा था। प्रशासन ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। इस मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं।