Maharajganj News : टंकी तो खड़ी, पानी गायब! रामनगर के लोग सालों से अब भी कर रहे इंतजार

    08-Jun-2026
Total Views |

फरेंदा।
तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा रामनगर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गयी पानी की टंकी की परियोजना सालों बाद भी पूरी नहीं हो पायी है। निर्माण कार्य की धीमी रफ़्तार और लंबे समय से काम बंद रहने के कारण ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल सका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की टंकी का निर्माण काफी समय पहले शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार द्वारा कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। इसके बाद से निर्माण स्थल पर कोई खास गतिविधि नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा अन्य परियोजनाओं पर ध्यान दिए जाने के कारण रामनगर की योजना उपेक्षित हो गई है।


गांव के लोगों को उम्मीद थी कि टंकी के निर्माण के बाद उन्हें शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी उनका इंतज़ार ख़त्म नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें यह भी नहीं बताया जा रहा है कि योजना कब तक पूरी होगी और पानी की आपूर्ति कब शुरू होगी।

उधर, संबंधित अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराकर पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।

निर्माण स्थल की वर्तमान स्थिति को देखकर ग्रामीणों में निराशा बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर निर्माण की स्थिति को देखकर ग्रामीणों को आशंका है कि यदि कार्य की गति में तेजी नहीं आई तो योजना पूरी होने में अभी और समय लग सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।