Maharajganj News : 'देश के लिए ड्रोन बना रहा हूं'... इस दावे पर 62 लाख गंवा बैठे शख्स
15-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। खुद को ड्रोन इनोवेटर बताकर करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट का सपना दिखाने और 62 लाख रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना नगर क्षेत्र के तिनपेडिया निवासी चन्द्रभूषण मिश्र का आरोप है कि उनकी मुलाकात दिल्ली में महराजगंज जनपद के कोठीभार (सिसवा बाजार) निवासी राहुल सिंह से हुई थी। राहुल ने खुद को ड्रोन इनोवेटर बताते हुए बड़े-बड़े प्रोजेक्ट, प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें और वीडियो दिखाकर भरोसा जीत लिया।
आरोप है कि राहुल सिंह ने एक दिन फोन कर बताया कि वह भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले एक नए ड्रोन प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। आरोप है कि उसने दावा किया कि प्रोजेक्ट का एक महत्वपूर्ण पार्ट खराब हो गया है और उसे तत्काल 62 लाख रुपये की आवश्यकता है।
साथ ही रिसर्च कार्य के लिए मोबाइल फोन और लैपटॉप की मांग भी की। पीड़ित का कहना है कि आरोपी की बातों पर विश्वास कर उन्होंने दो मोबाइल फोन उपलब्ध कराए और 17 सितंबर 2025 को उसके बताए बैंक खाते में 62 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन समय बीतने के बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही कोई प्रोजेक्ट सामने आया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इतना ही नहीं, प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें और वीडियो भेजकर दबाव बनाने तथा धमकाने की कोशिश की। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।