Maharajganj News : तीन लाख के जेवर, बदले में मिले सिर्फ 7 हजार रुपये! कोर्ट के आदेश पर खुली जांच
15-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के बरवां राजा गांव निवासी सरला देवी ने एक महिला व्यवसायी पर उनकी नाबालिग नतिनी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर हड़पने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इसके लिए उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थना पत्र में उन्होंने एक महिला व्यवसायी पर उनकी नाबालिग नतिनी से सोने-चांदी के जेवर लेकर हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सरला देवी ने बताया कि 19 दिसंबर 2025 को उनकी नाबालिग नतिनी घर के अंदर रखे सोने और चांदी के जेवरात लेकर बागापार चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंच गई। आरोप है कि दुकान संचालिका प्रेमशीला ने सभी जेवर अपने पास रख लिए और बदले में मात्र सात हजार रुपये दे दिए। जबकि जेवरों की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
सरला देवी का आरोप है कि जब उन्होंने अपने जेवर वापस मांगे तो आरोपित महिला ने उन्हें लौटाने से इंकार कर दिया। आरोप है कि महिला ने धमकी दी कि यदि दोबारा दुकान पर जेवर मांगने आई तो हत्या करा दी जाएगी। उन्होंने 20 मार्च 2026 को मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्ट्री और कुरियर के माध्यम से शिकायत भेजी गई, किंतु वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्रेमशिला निवासी बागापार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।