Maharajganj News : एक सेकंड की फुर्ती ने बचाई जान! चलती बाइक के ऊपर आ गिरा बिजली की तार

    16-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिला मुख्यालय स्थित नगर तिराहा सक्सेना चौक पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते होते बचा। शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली का एक तार टूटकर सड़क पर गिर गया। घटना के समय एक बाइक सवार तार के ठीक नीचे से गुजर रहा था। इस दौरान एक बाइक सवार ने खतरे को भांपते हुए अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।


स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को तार के पास जाने से रोका। नगर चौकी प्रभारी विजय गोंड ने बताया कि घटना की जानकारी विद्युत विभाग को दी गई। विभागीय कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया और तार को सुरक्षित तरीके से हटाकर मरम्मत कराई गयी। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से जर्जर तारों की जांच कर समय रहते आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।