Maharajganj News : अंधेरे में नजर नहीं आता खतरा, क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है प्रशासन?
16-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के वीर बहादुर नगर स्थित खेमपिपरा रोड पर बनी एक पुलिया की रेलिंग टूट जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह रेलिंग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अबतक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
स्थानीय निवासियों लीलावती देवी, कृष्णगोपाल और अखिलेश ने बताया कि इस मार्ग से रोज बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, बाइक सवार और छोटे वाहनों के लिए यह टूटी रेलिंग कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि रात के समय और बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। अंधेरे और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हिस्सा स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना का जोखिम काफी बढ़ जाता है।
लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की ओर ध्यान दिलाया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के मौसम में खासतौर पर रात के समय यह खतरा दोगुना बढ़ जाता है।
नगरवासियों ने आरोप लगाया है कि पुलिया की रेलिंग की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों और विभाग को कई बार शिकायतें दी गईं। हालांकि, अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल पुलिया की रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई और कोई दुर्घटना हुई तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
इस संबंध में वीर बहादुर नगर के सभासद महेन्दर ने कहा है कि मामले की अजानकारी प्राप्त हुई है। जल्द ही जांच कर मरम्मत कार्य कराया जाएगा।