Maharajganj News : ससुराल के बरामदे में लटका मिला दामाद, लेकिन पैरों का जमीन से सटा होना बना पहेली
16-Jun-2026
Total Views |
मिठौरा। महराजगंज के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बसन्तपुर राजा में एक व्यक्ति का शव घर के बरामदे में गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। वह अपने ससुराल आया था। मृतक की पहचान लखनऊ के रहिमाबाद थाना क्षेत्र के शिवपुरी निवासी 35 वर्षीय दिनेश के रूप में हुई है। उसकी पत्नी बबिता दो महीने से मायके में थी। परिवार में विवाह समारोह होने के कारण दिनेश भी ससुराल में था।
ससुराल वालों के अनुसार, सोमवार की सुबह घर के अधिकांश सदस्य खेत में धान की बेहन लेने गए थे। इसी दौरान घर में मौजूद बच्चों ने बरामदे में दिनेश को फंदे से लटका देखा। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बागापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार मृतक के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे, जबकि कमर के आसपास चोट के निशान भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सदर कोतवाल निर्भर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।