Maharajganj News : टक्कर के बाद गाड़ी पहुंची थाने, लेकिन FIR अब तक नहीं! न्याय के लिए घायल युवक का परिवार
16-Jun-2026
Total Views |
महाराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत धानी चौकी के इलाके में हुए एक सड़क हादसे के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया लेकिन आरोप है कि वाहन को कब्जे में लेने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, धानी बाजार निवासी राजकुमार (पुत्र स्व. कपिल देव) को एक तेज गति से आ रही गाड़ी (UP 53 B 1594) ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनके जबड़े में गंभीर चोट आई और उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद वाहन मौके से फरार नहीं हुआ। स्थानीय पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बावजूद अब तक मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
घायल युवक के परिजनों का कहना है कि वे न्याय की उम्मीद में लगातार थाने और चौकी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस उनकी शिकायत दर्ज करने में टालमटोल कर रही है। उनका आरोप है कि न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही घायल को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता या मुआवजा दिलाने की पहल की गई।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि जब वाहन पुलिस के कब्जे में है तो कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है। परिजनों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।
अब सबकी नज़र इस बात पर टिकी है कि पुलिस और प्रशासन इस गंभीर मामले में कब कार्रवाई करते हैं और घायल युवक को कब तक न्याय मिल पाता है।