Maharajganj News : इस साल बाढ़ रोकने की तैयारी कितनी पुख्ता? डीएम ने मौके पर पहुंचकर जांचा हाल
16-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। मानसून की दस्तक से पहले जिला प्रशासन ने बाढ़ सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने सदर तहसील क्षेत्र के अनंतपुर-बड़हरा व जर्दी-डोमरा तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ निरोधक कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने और तटबंधों के कमजोर हिस्सों की विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंधों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सिंचाई खंड द्वितीय के एसडीओ ने बताया कि नदी के ठोकर स्थलों पर जियो बैग और जियो ट्यूब लगाकर कटानरोधी कार्य पूरा कर लिया गया है। तटबंधों पर स्थापित रेगुलेटरों की मरम्मत तथा क्षतिग्रस्त स्लोप को मजबूत करने का कार्य भी कराया जा रहा है। इस पर डीएम ने अनंतपुर बड़हरा तटबंध की ऊंचाई बढ़ाने की संभावनाओं का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि सर्वेक्षण में तटबंध की ऊंचाई बढ़ाने की आवश्यकता सामने आती है, तो उसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, ताकि भविष्य में बाढ़ के खतरे को कम किया जा सके।
उन्होंने तटबंधों पर मौजूद रैट होल, रेन कट, दरारें, कटान संभावित स्थल और अन्य कमजोर बिंदुओं का तत्काल सर्वेक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने पर जोर दिया। उन्होंने बाढ़ सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने तथा बोल्डर, बालू की बोरियां, वायर क्रेट सहित अन्य राहत एवं बचाव सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
साथ ही, आपातकालीन कार्ययोजना को अद्यतन रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए विभागीय अमले को पूरी तरह तैयार रहने को कहा। डीएम ने तहसीलदार सदर पंकज शाही को तटबंधों से सटे गांवों में नावों और नाविकों की सूची तैयार कराने तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, सिंचाई खंड द्वितीय के एसडीओ समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ के मौसम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।