UP Politics : राम नगरी से गोरखपुर तक सियासी विस्फोट! अखिलेश ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

    17-Jun-2026
Total Views |

UP Politics :
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और सीसीटीवी के गायब होने के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए धर्म का मतलब सिर्फ धन तक सीमित रह गया है।





सपा द्वारा जारी 'ऑडिट 2' के तहत 'राम नगरी में गोरखधंधा' बुकलेट का हवाला देते हुए अखिलेश ने कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां चुनावों में बेईमानी की चर्चा हुई, वहां सीसीटीवी नहीं मिले और अब अयोध्या में भी फुटेज गायब हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी से 'सीसी' का राज खुल जाएगा, जिसका मतलब 'चढ़ावा चोरी' और 'चंदा चोरी' है।


गोरखपुर को लेकर आंकड़े दिखाते हुए अखिलेश ने कहा कि वहां 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए, जिससे सीधे-सीधे 1500 लोगों की सरकारी नौकरी छीन ली गई। उन्होंने गोरखपुर में दलितों के खिलाफ अपराध और पब्लिक हेल्थ को लेकर भी डेटा दिखाया। सपा प्रमुख ने कहा कि गोरखपुर के लोग इस बार राजनीतिक बदलाव का संकल्प ले चुके हैं और भाजपा को वहां शून्य पर लाने की तैयारी है। उन्होंने मथुरा को लेकर लिखी चिट्ठी और केयर फंड व गुरु दक्षिणा के हिसाब किताब को लेकर भी सरकार से जवाब माँगा।

यह पूरी कवायद समाजवादी पार्टी द्वारा साल 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने के लिए की जा रही है। बुधवार को पार्टी कार्यालय में समाजवादी ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें अगस्त महीने में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी साधु-संतों का सम्मान करती है और उसका धर्म सभी को साथ लेकर चलने का संदेश देता है। उन्होंने कहा हमारा मंदिर बहुत जल्दी बनकर तैयार हो जायेगा उसके बाद हम राम मंदिर के दर्शन करेंगे।