Maharajganj News : ब्लॉक परिसर में तीखी बहस का वीडियो वायरल, सच क्या है?

    17-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
बृजमनगंज विकास खंड कार्यालय में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और ग्राम पंचायत सचिवों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को हुई तीखी नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू गया है। वीडियो में सचिव बीडीओ पर अभद्र भाषा के प्रयोग और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।

सचिवों का आरोप है कि खंड विकास अधिकारी कृष्णकांत शुक्ला अक्सर कार्यालय में शराब के नशे में रहते हैं तथा कर्मचारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार करते हैं और अक्सर धमकी भरे लहजे में बात करते हैं। इतना ही नहीं नौकरी से हटाने की चेतावनी भी देते हैं।

आरोप लगाने वाले सचिवों में हेमंत कुमार, आनंद पांडेय, अरुण कुमार, अतुल कुमार, अशोक कुमार, सर्वजीत गुप्ता और देवव्रत सिंह शामिल हैं। सचिवों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले भी इसी तरह का विवाद हुआ था, जिसकी लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


सचिवों ने आरोप लगाया कि उन्हें अवकाश के दिन भी कार्यालय बुलाया गया, जबकि वे अपनी-अपनी पंचायतों में विकास कार्यों और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों में व्यस्त थे। उनका कहना है कि लगातार हो रहे दुर्व्यवहार और कथित धमकियों के खिलाफ अब सभी सचिव एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं।

मामले को लेकर सचिवों ने उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजते हुए बीडीओ को पद से हटाने की मांग की है। शिकायत में बीडीओ पर शराब के नशे में रहने, गाली-गलौज करने, धमकी देने तथा कार्यालय परिसर में अनुचित गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

हालांकि, खंड विकास अधिकारी कृष्णकांत शुक्ला ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।

विवाद बढ़ता देख सहायक पंचायत अधिकारी गुलाब पाठक ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करने का प्रयास किया। बाद में ब्लॉक प्रमुख के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई। अब पूरे मामले में उच्च अधिकारियों की संभावित कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।