Maharajganj News : महराजगंज में सोलर क्रांति की तैयारी, हर सरकारी भवन होगा रोशन

    17-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति, विद्युत वितरण व्यवस्था, बिजली बिल वसूली और जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए जनपद में स्थापित पीएम सूर्यघर के संख्या की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी भवनों को चरणबद्ध तरीके से सोलर प्लांट से युक्त करने के निर्देश दिए। प्रभारी नेडा ने बताया कि 15 जून 2026 तक कुल 2,762 पीएम सूर्यघर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में माह अप्रैल में 298, माह मई में 318 और जून में अबतक 191 पीएम सूर्यघर स्थापित किए जा चुके हैं। प्रभारी नेडा ने बताया गया कि 250 आवेदन वितरण हेतु और 616 स्वीकृति हेतु लंबित हैं।


जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों के जल्द से जल्द निस्तारण के लिए सभी बैंकों को निर्देशित किया। कहा कि पीएम सूर्यघर शासन की सर्वाधिक महत्वपूर्ण योजना है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। जिलाधिकारी ने समस्त सरकारी भवनों को सोलर प्लांट से युक्त करने का निर्देश दिया।

उन्होंने ग्राम पंचायत भवनों को प्राथमिकता के आधार पर पीएम सूर्यघर से आच्छादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर न सिर्फ बिजली की खपत को कम करती है, बल्कि उपयोगकर्ता को अतिरिक्त आय का अवसर भी उपलब्ध कराती है। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के भवनों तथा प्रांगणों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटाने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करें। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक से माध्यमिक विद्यालयों और बीएसए से प्राथमिक विद्यालयों की सूची प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सरकारी भवनों के विद्युत बकाया को लेकर निर्देशित किया कि संबंधित कार्यालयाध्यक्ष अपने अपने विभाग में प्रस्ताव भेजकर बकाया भुगतान को सुनिश्चित करें। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत वाईपी सिंह, प्रभारी नेडा प्रेम प्रकाश मौजूद रहे।