Maharajganj News : तीन 'बाबाओं' की रहस्यमयी एंट्री, कुछ देर बाद घर से गायब हुए जेवर

    17-Jun-2026
Total Views |

लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवपुर में साधु के वेश में पहुंचकर तीन शातिर ठगों ने एक महिला को अपने झांसे में लेकर उसके सोने-चांदी के जेवरात हड़प लिए। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

गांव निवासी आरती पत्नी गोविंद के अनुसार सात जून की दोपहर तीन व्यक्ति साधु का वेश धारण कर उनके घर पहुंचे। उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान और आशीर्वाद का हवाला देकर परिवार का विश्वास जीत लिया। बातचीत के दौरान उन साधुओं ने घर में रखे आभूषणों का पूजन कराने की बात कही और दावा किया कि इससे परिवार में सुख-समृद्धि आएगी।

महिला उनकी बातों में आ गयी और अपने सोने की नथुनी, झुमका तथा चांदी की पायल दिखा दी। आरोप है कि इसी दौरान ठग चालाकी से जेवर लेकर फरार हो गए।


कुछ देर बाद जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने शोर मचाया। ग्रामीणों ने आसपास तलाशी ली लेकिन तब तक आरोपी गांव छोड़कर फरार चुके थे। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पीड़िता ने थाना पुरन्दरपुर में तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और जेवर बरामदगी की मांग की है। घटना को कई दिन बीतने के बावजूद कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। ग्रामीणों ने भी पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की है।

थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध तथ्यों और सुरागों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।