Maharajganj News : नहर किनारे कुछ देर खड़ी रही किशोरी... फिर उठाया ऐसा कदम, पूरे इलाके में मच गया हड़कंप
17-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय अफरातफरी मच गयी, जब एक किशोरी ने देवरिया शाखा नहर में छलांग लगा दी। इस घटना के बाद किशोरी तेज बहाव में बह गई और देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी घर में किसी बात को लेकर नाराज बताई जा रही थी। मंगलवार को वह अकेले घर से निकलकर नहर के किनारे पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर तक वह नहर किनारे खड़ी रही और अचानक पानी में छलांग लगा दी। घटना के समय पास के खेत में काम कर रहे एक किसान की नजर उस पर पड़ी। किसान ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किशोरी नहर की तेज धारा में बह चुकी थी।
इस घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर भिटौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय का कहना है कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से तलाश अभियान चला रही है। मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से नहर में सघन खोज की जा रही है। हालांकि तेज जल प्रवाह के कारण अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। देर शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और खोजबीन जारी थी।