Maharajganj News : शुक्रवार से चलेगा बुलडोजर! नगर पालिका ने दी अंतिम चेतावनी
17-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका परिषद ने विशेष अभियान चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। इस अभियान के तहत सक्सेना चौराहे से फरेंदा मार्ग तक सड़क व सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। कार्रवाई से पहले नगर पालिका की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कर लोगों को चेतावनी दी जाएगी और स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार सड़क किनारे अस्थायी दुकानें, ठेले, टीनशेड व निर्माण सामग्री रखे जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान शुरू होने से पहले नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंचकर बुलडोजर व अन्य संसाधनों की मदद से कार्रवाई करेगी।
नगर की सड़कों व सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराना हमारी प्राथमिकता है। अभियान शुरू होने से पहले लोगों को मुनादी के माध्यम से सूचना दी जाएगी। सभी नागरिकों से अपील है कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें, ताकि किसी प्रकार की कार्रवाई की नौबत न आए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।