Maharajganj News : 24 घंटे बाद आखिरकर यहाँ बरामद हुआ नहर में छलांग लगाने वाली किशोरी का शव
17-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में पिता की डांट से नाराज होकर नहर में छलांग लगाने वाली 14 साल की किशोरी का शव करीब 24 घंटे बाद बुधवार को कप्तानगंज के सुम्बाखोर के पास उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर किशोरी के पिता ने उसको डांट दिया था। इसी बात से गुस्सा होकर किशोरी घर से निकलकर भिटौली क्षेत्र स्थित नारायणी नहर पहुंची और उसमें छलांग लगा दी। नहर के आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने किशोरी को नहर में कूदते देखा तो शोर मचाया। सूचना मिलते ही गांव के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया था, जिसने पूरे दिन नहर में किशोरी की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह एक बार फिर परिजन और एसडीआरएफ टीम खोजबीन में जुट गए।
इसी दौरान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुम्बाखोर गांव के पास एक राहगीर की नजर नहर में उतराते हुए एक शव पर पड़ी। उसने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान किशोरी के रूप में की।
बेटी का शव देखते ही घर में चीखपुकार मच गयी। घटना की सूचना पर कप्तानगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष कप्तानगंज दीपक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।