Maharajganj News : लखनऊ की संगोष्ठी में महराजगंज की गूंज, ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने का रखा बड़ा प्रस्ताव

    18-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। लखनऊ आयोजित छठवें वित्त आयोग की पंचायत प्रतिनिधि संगोष्ठी में महराजगंज जिले का प्रतिनिधित्व मिठौरा विकासखंड के पसौनी गांव के प्रधान एवं प्रधान संगठन महराजगंज के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने किया। परसौनी ग्राम पंचायत के प्रशासक अनिल कुमार जोशी ने प्रभावी ढंग से अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि अगर ग्राम पंचायतों की आय वृद्धि हो जाए तो वह नगर निकाय को पछाड़ सकती हैं। उन्होंने पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाने, विकास कार्यों को गति देने तथा स्थानीय जरूरतों के अनुसार वित्तीय प्रावधान बढ़ाने से संबंधित सुझाव भी प्रस्तुत किए।

बुधवार को लखनऊ में पंचायतीराज विभाग के प्रतिनिधिमण्डल संग संगोष्ठी कर वित्त आयोग ने ग्राम पंचायतों को कैसे विकसित किया जाए और क्यों परिवर्तन किए जाए इसे लेकर चर्चा की गई। गोरखपुर मंडल से पांच सदस्यीय टीम की घोषणा चार जून को पंचायतीराज के उपनिदेशक हिमांशु ठाकुर ने किया था। महराजगंज से इस समिति में मिठौरा ब्लॉक परसौनी के निवर्तमान प्रधान व मौजूदा प्रशासक अनिल जोशी शामिल रहे।

आम सृजन का मार्ग बताते हुए अनिल ने कहा कि गांव-गांव लाखों की लागत से अमृत सरोवर बनवाया गया है, लेकिन इसे पट्टे पर देने का काम तहसील से होता है। आवंटन कहीं से भी हो लेकिन सरोवर के पट्टे का पैसा ग्राम पंचायत के खाते में आना चाहिए जो नहीं हो रहा है। आखिर अमृत सरोवर निर्माण की पृष्ठभूमि ही यही है कि इससे ग्राम पंचायतों की आय में इजाफा होगा।

गोरखपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे हरपुर, सहजनवा गोरखपुर के प्रशासक मदन मुरारी गुप्ता ने आरआरसी सेंटर बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए कम से कम तीन सफाई कर्मियों के तैनाती की बात रखी।


बेलथरा, भाटपाररानी देवरिया के निवर्तमान प्रधान सत्येंद्र पाठक ने डिजिटल लाइब्रेरी को विजुअल (वीडियो कान्फ्रेन्स से साक्षात्कार आदि सुविधा युक्त) बनाने पर जोर दिया कहा कि अगर सुविधा बेहतर मिले तो युवा इसके लिए शुल्क देने से भी पीछे नहीं हटेंगे जिससे पंचायतों को अतिरिक्त कमाई का मार्ग मिलेगा। कुशीनगर के कोल्हुआ से अकबर अंसारी तो ब्लाॅक प्रमुख के रूप में बेलघाट, गोरखपुर की पूजा ने प्रतिभाग किया। संगोष्ठी में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव आयोग के समक्ष रखे।

अनिल कुमार जोशी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि गोरखपुर मंडल के प्रतिनिधि मंडल की बातों से राज्य वित्त आयोग के सचिव सिद्धार्थ श्रीवास्तव काफी प्रभावित हुए और उन्होंने इन प्रस्तावों को कार्ययोजना में शामिल करने की दिशा में विचार करने का आश्वासन दिया।