Maharajganj News : जिस 8 साल की बच्ची की तलाश में भटक रहे थे परिजन, वो मिली मंदिर के पास पोखरे में
18-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित और परसा खुर्द गांव के बीच शिव मंदिर के पीछे स्थित पोखरे (तालाब) में गुरुवार को एक आठ साल की मासूम बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची पकड़ी दीक्षित गाँव की रहने वाली थी और बुधवार से ही रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिल पा रहा था। गुरुवार को शिव मंदिर के पीछे स्थित पोखरे में ग्रामीणों ने बालिका का शव उतराता देखा।
इसकी सूचना तत्काल पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंची भिटौली पुलिस ने शव को पोखरे से निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं मासूम बच्ची की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।