Maharajganj News : शहर के इस मार्ग पर सफर करना बन गया जोखिम भरा, कब जागेगा प्रशासन?
18-Jun-2026
Total Views |
महाराजगंज। नगर पालिका परिषद से चिऊरहा को जोड़ने वाली सड़क की खस्ता हालत से लोगों में बेहद गुस्सा है। बिस्मिल नगर और शास्त्री नगर मोहल्लों के बीच से गुजरने वालो यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में बदल चुकी है, जिससे इस पर आवागमन करने वाले लोगों को बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की इस खराब हालत को लेकर कई बार शिकायत की गयी लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्ताहनीय निवासियों के अनुसार, मानसून में हालत और ख़राब हो जाती है। बारिश होने से सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे गड्ढों का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है और दुर्घटनाओं की सम्भावना बढ़ जाती है।
रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि वे जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी साजिद खान, शंकर, रामाधार और आदित्य ने बताया कि सड़क की यह खस्ता हालत बहुत समय से बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। यह मार्ग दो प्रमुख मोहल्लों को जोड़ता है, इसलिए इसका शीघ्र निर्माण आवश्यक है।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पलता मंगल ने कहा कि सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।