Maharajganj News : परतावल के बाजारों में पैदल निकले DIG, संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के दिए निर्देश

    18-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा ने बुधवार को थाना परतावल में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी भी उनके साथ रहे। गश्त करते हुए अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया।


पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया व उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।