Maharajganj News : जांच के दौरान खुला बड़ा राज! पूर्व चेयरमैन समेत चार घरों में मिला ये अवैध कनेक्शन
18-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल नगर पंचायत द्वारा चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान के दौरान एक बड़ा खुलासा सामने आया है। इस जांच में पूर्व चेयरमैन सहित चार लोगों के घरों में अवैध रूप से संचालित पेयजल कनेक्शन पाए गए।
इस सत्यापन अभियान के दौरान संबंधित उपभोक्ताओं से वैध अभिलेख मांगे गए लेकिन कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नगर पंचायत की टीम ने सभी अवैध कनेक्शनों को तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दिया और मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी।
नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार, महराजगंज-ठूठीबारी मार्ग के निर्माण कार्य के कारण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में उत्पन्न तकनीकी बाधाओं को दूर करने और सभी वार्डों के अंतिम घरों तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। वरिष्ठ लिपिक मोहन लाल के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय टीम ने कृष्णा नगर वार्ड समेत विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल कनेक्शनों का गहन सत्यापन किया।
जांच के दौरान पूर्व चेयरमैन विश्वनाथ मद्धेशिया, पूर्व सभासद राकेश कुमार, नीरज कुमार व संजय कुमार सहित चार घरों में अवैध रूप से पेयजल कनेक्शन संचालित होते पाए गए। टीम ने संबंधित उपभोक्ताओं से कनेक्शन संबंधी वैध अभिलेख एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी व्यक्ति वैध कागजात उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद सभी अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया गया।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कनेक्शनों और पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में वरिष्ठ लिपिक मोहन लाल के अलावा टैक्स बाबू अवधेश कुमार, पन्नेलाल, मोहम्मद अनश, मानवेंद्र यादव व हृदेश सोनू व नितीश गुप्ता, सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
जांच टीम ने मौके पर ही सभी अवैध कनेक्शनों को काट दिया और पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर नगर पंचायत प्रशासन को सौंप दी। अब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।