Maharajganj News : मलमास और शुभ मुहूर्तों के चलते बढ़ी भक्तों की भीड़, लेहड़ा देवी मंदिर मार्ग पर दिनभर लगा रहा जाम
18-Jun-2026
Total Views |
फरेंदा। प्रसिद्ध शक्ति पीठ मां लेहड़ा देवी के मंदिर पर बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा और देर शाम तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। इससे दर्शनार्थियों को मंदिर तक जाने के लिए घंटों लग गए।
मंदिर पर जाने वाली सड़कें सुबह से लेकर शाम तक पूरी तरह से जाम रहीं। ऊपर से भीषण गर्मी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लेहड़ा देवी मंदिर पर मलमास माह में भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्त गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, देवरिया सहित तमाम जिलों से पहुंच रहे हैं। मंदिर के धर्मशाला में अनेक धार्मिक अनुष्ठान सहित मुंडन व उपनयन संस्कार के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
दर्शनार्थियों के भारी भीड़ के बावजूद भी सुरक्षा व्यवस्था काफी कम रही। भीड़ के बीच कही भी कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहे थे। दर्शन के लिए भक्तों को भीषण गर्मी में काफी मशक्कत करना पड़ा। श्रद्धालु सुभावती ने बताया कि मंदिर पर गर्मी के मौसम में भारी भीड़ से समस्या हो रही है।
मंदिर के पुजारी संतोष पांडेय ने बताया कि मलमास के माह होने के कारण भक्तों की भीड़ लग रही है। मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त के कारण लोग भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी भक्तों की भीड़ और बढ़ने की संभावना है।