Maharajganj News : उखड़ी गिट्टियां और गहरे गड्ढे, ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा रही यह बदहाल सड़क
18-Jun-2026
Total Views |
चिउटहां। विकासखंड सिसवा क्षेत्र का कारीडीहा–जहदा मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। यह सड़क कई स्थानों से टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं सड़क की गिट्टियां उखड़कर बाहर आ गई हैं। जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि काफी लंबे समय से मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है लेकिन जर्जर सड़क के कारण लोगों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीण कैलाश यादव, हरीप्रसाद चौरसिया, अनिल कुमार मिश्रा, दिनेश पांडेय तथा शिवदुलारे विश्वकर्मा ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क को जल्द गड्ढामुक्त कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग की बदहाली से क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो रहा है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर धर्मदेव विश्वकर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 की कार्ययोजना में कारीडीहा–जहदा मार्ग के नवीनीकरण (रिन्यूअल) के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। शासन स्तर से स्वीकृति एवं संस्तुति प्राप्त होते ही मार्ग के मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।