Maharajganj News : सहालग शुरू होते ही सब्जियों में लगी महंगाई की आग, टमाटर 80 तो अदरक 200 पार
18-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। सहालग का सीजन नजदीक आते ही जिले में सब्जियों के रेट में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। 19 जून से लग्न मुहूर्त शुरू होने के कारण बाजार में सब्जियों की मांग बढ़ गई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। सब्जियों के दाम में 30 फीसदी से लेकर 100 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। इसकी वजह से आम लोगों की रसोई पर इसका सीधा असर दिख रहा है।
जानकारी के अनुसार, मांग बढ़ने की वजह से लगभग सभी सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी हुई है। 15 रुपये किलो बिकने वाले प्याज का दाम बढ़कर 25 रुपये प्रति किलो हो गया है। गोल बैंगन का दाम 40 रुपये से बढ़कर 60 तक पहुंच गया है जबकि सफेद बैंगन का दाम 60 रुपये बढ़कर 80 रुपये हो गया है।
मई के अंतिम सप्ताह में 15 रुपये में 250 ग्राम बिकने वाली हरी मिर्च जून के दूसरे पखवाड़े में 100 रुपये की दर से बिक रहा है। अदरक और लहसुन के दाम 200 रुपये किलो पहुंच चुके हैं। एक माह पहले अदरक 100 रुपये किलो की दर से बिक रहा था।
मई के महीने में कच्चा केला 20 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा था। वर्तमान समय में यह 40 रुपये तक पहुंच गया है। मई में जहाँ टमाटर 40 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा था वह इनदिनों यह 80 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। इसके अलावा अदरक 30 से 50 रुपये पाव हो गया है। खीरा, गाजर, चुकंदर जैसे सलाद आइटम 50 रुपये किलो बिक रहे हैं। सब्जी विक्रेता रमजान ने बताया कि 40 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर दो गुना होकर 80 रुपये किलो हो चुका है।
सब्जी कारोबारी राधेलाल गुप्ता ने बताया कि इस समय जनपद में सब्जियों का उत्पादन कम हुआ है। टमाटर व मिर्च बाहर से मंगाने के चलते महंगे रेट पर बिक रहे। मानसून शुरू होने के बाद रेट और बढ़ेंगे।
बढ़ती महंगाई के बीच सब्जियों के बढ़े दामों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है और रसोई का बजट प्रभावित होने लगा है।